महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 नवम्बर। पालिकाध्यक्ष ने वार्ड 23 में 3 लाख की लागत से रंगमंच और वार्ड 12 में महामाया मंदिर के पास कांक्रीटीकरण की घोषणा की। गोवर्धन पूजा अवसर पर पिटियाझर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा गोवंश की समृद्धि की परंपरा की पूजा है। जितना समृद्ध गोवंश होगा, उतना ही विकसित हमारा छत्तीसगढ़ होगा।
उन्होंने कहा कि एक तरह से यह पूजा गोवंश के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक भी है। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष ने 3 लाख की लागत से रंगमंच निर्माण एवं महामाया मंदिर मार्ग पर कांक्रीटीकरण की घोषणा की।
पिटियाझर वार्ड 12 एवं वार्ड क्रमांक 23 के नागरिकों द्वारा आयोजित सुआ नृत्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड 23 के पार्षद राजेन्द्र चंद्राकर ने की। विशेष अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद डमरूधर मांझी, पूर्व पार्षद व सांसद प्रतिनिधि अरविंद प्रहरे, गोलू मदनकार, मनोहर यादव, के.के. चंद्राकर, प्रीतम चंद्राकर, यशवंत राव घाडगे मौजूद थे। मुख्य अतिथि की आसंदी से नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने कहा कि अन्य राज्य की तुलना में छत्तीसगढ़ की परंपरा अलग है।
उन्होंने कहा कि गौधन एवं पर्यावरण के महत्व को समझें और उनकी रक्षा करें। आज भी हमारे जीवन में गोवंश का विशेष महत्व है। आज भी गोवंश के द्वारा दिया जाने वाला दूध हमारे जीवन में बेहद अहम स्थान रखता है।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मान्यता है कि गोवर्धन पूजा के दिन यदि कोई दुखी है, तो पूरे वर्ष भर दुखी रहेगा। इसलिए मनुष्य को इस दिन प्रसन्न होकर इस उत्सव को सम्पूर्ण भाव से मनाना चाहिए। इस दौरान पालिका अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने वार्ड क्रमांक 23 में 3 लाख की लागत से रंगमंच निर्माण कार्य और पिटियाझर मार्ग पर स्थित महामाया मंदिर के आसपास कांक्रीटीकरण कराने की घोषणा की।
इस अवसर पर आशाराम साहू, विनोद सिन्हा, नारायण साहू, जगत यादव, बद्री यादव, अशोक यादव, मणिहर यादव, सागर यादव, जगत विश्वकर्मा, पुनीतराम ध्रुव, रतीराम साहू, लेखराम साहू, खिलावन यादव, राकेश चंद्राकर, चैतुराम यादव, लोकेश कुमार ध्रुव आदि पस्थित थे।