महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 नवंबर। राज्य गोसेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. महंत रामसुंदर दास का विगत दिवस गोलोकधाम गौशाला हाथीगढ़ बागबाहरा में दूसरी बार आगमन हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की गोधन न्याय योजना की देशभर में प्रशंसा हो रही है। उन्होंने गौशाला में गाय-बछड़ों के लिए पेयजल, चारा और रखरखाव व्यवस्था का जायजा लिया एवं गायों को गुड़ खिलाया। गोशाला के प्रबंधन से वे संतुष्ट नजर आए।
मालूम हो कि महंत दास ने पिछले साल अपने प्रवास पर यहां गायों के रहने के लिए शेड की जरूरत महसूस कर गौ सेवा आयोग से तत्काल राशि स्वीकृत कराए थे। इस राशि से एक वर्ष में नवीन शेड बनकर तैयार हो गया है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा ग्रामीण के अध्यक्ष रवि निषाद ने श्री महंत की अगवानी की। प्रशासन की ओर से तहसीलदार रमेश कुमार मेहता, पटवारी पूजा साहू, डॉ. घृतलहरे उपस्थित थे।
महंत रामसुंदर दास ने कहा कि गाय हमारी माता है। उनकी सेवा बेकार नहीं होती। उनकी सेवा से मानव जाति को बहुत कुछ मिलता है। एक गाय में 33 कोटि देवताओं का वास माना जाता है।