महासमुन्द
दोनों ओर से 10-10 फीट की सडक़ अतिक्रमण की भेंट चढ़ गई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 सितम्बर। सरकारी रिकार्ड में कलेक्टर कालोनी मचेवा से परसकोल जाने वाली प्रस्तावित 18 मीटर चौड़ी सडक़ से 6 मीटर चौड़ाई गायब हो गई है।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अटल बिहार कालोनी के बीच से होकर गुजर कर परसकोल की ओर जाने वाली सडक़ महासमुंद विकास योजना 2031 के मास्टर प्लान में है, जिसकी चौड़ाई 18 मीटर प्रस्तावित है। वहीं गृह निर्माण मंडल के लेआउट में इसे महज 12 मीटर की चौड़ा दर्शाया गया है। यानी सडक़ के दोनों ओर 10-10 फीट की सडक़ अतिक्रमण की भेंट चढ़ गई है। अब यदि जिला प्रशासन मास्टर प्लान के नियमानुसार कार्यवाही करती है, तो सडक़ के दोनों ओर नये-नये बनाए गए आलिशान मकानों का सामने का कुछ हिस्सा टूटना संभव है।
यहां बात कलेक्टर बंगले के पीछे मचेवा से परसकोल जाने वाले मुख्य मार्ग की हो रही है, जो अटल बिहार कालोनी के बीच से गुजरती है। नगर तथा ग्राम निवेश के विकास योजना 2031 के अनुसार यहां 18 मीटर चौड़ा सडक़ प्रस्तावित है, लेकिन छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अटल बिहार कालोनी के लेआउट में यही सडक़ महज 12 मीटर चौड़ाई दर्शा रहा है। वजह यही है कि सडक़ के दोनों ओर अतिक्रमण हो चुका है। इस सडक़ के दोनों ओर आलिशान मकानें बन गई हैं और कुछ निर्माणाधीन हैं। अगर कार्यवाही होती है, तो सडक़ के दोनों ओर बने मकान के कुछ हिस्से टूट भी सकते हैं।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के कार्यपालन अभियंता से मोबाइल पर सम्पर्क किया गया। लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।


