महासमुन्द
आरोप-समाज को असामाजिक तत्व नाम से संबोधित कर समाज का अपमान किया
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 सितम्बर। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज युवा प्रकोष्ठ ने भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी को ज्ञापन सौंपकर डॉ. विमल चोपड़ा व अन्य नेताओं से सतनामी समाज से लिखित माफी मंगवाने तथा उन्हें पार्टी से निष्कासन करने की मांग किया है।
ज्ञापन में उल्लेख है कि आगामी 31 अगस्त को डुमरपाली ढांक नेशनल हाईवे पर आल्हाराम बरिहा के आत्महत्या मामले में उचित कार्यवाही करने हेतु क्षेत्र के सभी समाज के लोगों के द्वारा चक्काजाम किया गया था। परंतु भारतीय जनता पार्टी के डा विमल चोपड़ा पूर्व विधायक महासमुंद व अन्य बीजेपी नेताओं ने अगुवाई करते हुए उक्त चक्काजाम को राजनीतिक रूप देकर अपने खास आदमी योगेश ठाकुर से हस्ताक्षर कराया और 11 राजनीतिक मांग जनता के संज्ञान के बगैर नायब तहसीलदार को सौंपा है। उस ज्ञापन में 12 बिंदु शामिल है जिसमें गुडेलाभांठा के ढेलवा पहाड़ को असामाजिक तत्वों से छुड़ाने की बात लिखा गया है। जबकि गुडेलाभांठा के पहाड़ पर सतनामी समाज ने 10-12 साल पहले जैतखाम स्थापित किया है। वहां समाज के लोग गुरू बालकदास जयंती पर सहयोग राशि भी दिये थे। आज भी वहां ग्राम पंचायत व ग्रामवासियों के बीच किसी प्रकार की मनमुटाव नहीं है।
इन्होंने रूपकुमारी चौधरी को जानकारी दी है कि इस वर्ष समाज के गांव के लोगों ने मिलजुलकर बालकदास जयंती मनाया है जिसमें विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने सामाजिक भवन व सीसी रोड के लिए घोषणा भी की। इस सबके बावजूद डां विमल चोपड़ा दो जातियों व सर्व समाज को आपस में लड़ाने के लिए गलत राजनीति कर सामाजिक सौहार्द को बिगाडऩे की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सतनामी समाज को असामाजिक तत्व नाम से संबोधित कर समाज का अपमान किया है।
उक्त नेताओं पर यदि संतुष्टिजनक कार्यवाही नहीं होती है तो उक्त नेताओं के साथ साथ भाजपा का भी राजनीतिक बहिष्कार किया जायेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में युवा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष डॉ विजय चतुर्वेदी, तेजराम चौलिक जिला कार्यकारिणी सदस्य, धनेश गायकवाड, पूर्व जनपद सदस्य तरुण व्यवहार, बागबाहरा ब्लाक अध्यक्ष देवेन्द्र राय ब्लाक उपाध्यक्ष, किशन कोसरिया झलप परिक्षेत्र अध्यक्ष, तुकाराम कोशले, आत्माराम मारकांडेय शामिल हैं।


