महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 सितम्बर। जिले के सभी नगरीय निकायों और लगभग 70 पंचायतों के लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए शतप्रतिशत टीकाकरण कर लिया गया है। अब स्वास्थ्य विभाग ब्लॉकवाइस 100 फीसदी टीकाकरण के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी के तहत पिछले कई दिनों से सिर्फ सरायपाली ब्लॉक में ही टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाते रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरायपाली अंतरराज्यीय सीमा पर है, इसलिए इस ब्लॉक को जल्द से जल्द शत प्रतिशत वैक्सीनेट करना है। इसी के तहत मंगलवार को सरायपाली, बसना व पिथौरा ब्लॉक में टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। 106 टीकाकरण सेंटर्स में देर शाम तक 5500 से अधिक लोगों को कोरोना टीका लगाया गया।
मालूम हो कि जिले में कम टीके का स्टॉक के चलते पिछले सप्ताह भर से ज्यादा जगहों पर टीकाकरण अभियान आयोजित नहीं किया गया था। जिले में अब तक 71 फीसदी लोगों को टीके का पहला डोज लगा है। अब गांवों में ही टीकाकरण के लिए शेष व्यक्ति हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब गांवों में कम संख्या में ही लोग टीकाकरम के लिए बचे हैं। ऐसे में विभाग के पास समस्या यह है कि अब पहले जैसे एक साथ लोग टीकाकरण के लिए नहीं आते हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी गांवों में 70 से 80 फीसदी तक टीकाकरण हो चुका है और बचे हुए बहुत ही कम लोग हैं। ऐसे में उन्हें खोजना और वैक्सीनेशन के लिए तैयार करना भी एक चुनौती है। उपर से टीकों की सही तरीके से सप्लाई नहीं होने से भी इस अभियान की गति धीमी हो जाती है।
गौरतलब है कि सरायपाली ब्लॉक में लक्षित संख्या का कुल 93 फीसदी लोगों को पहले डोज का टीका लगाया गया है। ब्लॉक को शतप्रतिशत वैक्सीनेटेड ब्लॉक बनाने के लिए बचे हुए 7 फीसदी लोगों को ही टीका लगाया जाना है। बता दें कि सरायपाली ब्लॉक में कुल 1 लाख 44 हजार 404 लोगों को टीका लगाया जाना है। सोमवार तक की स्थिति में ब्लॉक के 1 लाख 35 हजार107 को टीका लगाया गया है। वहीं मंगलवार को भी लगभग 2 हजार लोगों को टीका लगाया गया है। जिसके बाद ब्लॉक में लगभग 7 हजार लोग ही टीकाकरण के लिए शेष हैं।


