महासमुन्द

प्रधानमंत्री के साथ प्रत्यक्ष चर्चा में छात्रा सृष्टि साहू ने प्रेरणादायी अनुभव साझा किए
07-Feb-2026 4:19 PM
प्रधानमंत्री के साथ प्रत्यक्ष चर्चा में छात्रा सृष्टि साहू ने प्रेरणादायी अनुभव साझा किए

नवकिरण अकादमी समेत सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से सुना पीएम का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जिसमें कल जिले के नवकिरण अकादमी एवं सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री का प्रेरणादायी उद्बोधन सामूहिक रूप से देखा एवं सुना।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए परीक्षा को उत्सव की तरह लेने, तनाव मुक्त रहकर सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने तथा आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ प्रत्यक्ष चर्चा में शामिल स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नयापारा की कक्षा 12वीं गणित संकाय की छात्रा सृष्टि साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह अवसर उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा और इससे उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने की नई ऊर्जा मिली।

कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं जिला मिशन समन्वयक डीएमसी रेखराज शर्मा द्वारा छात्रा सृष्टि साहू को बुके, पेन एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, समय प्रबंधन एवं नियमित अध्ययन के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। वहीं पालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, एपीसी संपा बोस, प्राचार्य अमी रूफस, कौशल शुक्ला, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, नवकिरण अकादमी के समन्वयक डी.बसंत सहित डीएमएस स्कूल के विद्यार्थीए शिक्षक एवं पालकगण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट