महासमुन्द

खुदकुशी मामले में बैंक मैनेजर की गिरफ्तारी सहित 11 सूत्रीय मांगों को ले 20 गांवों के ग्रामीणों का चक्काजाम
01-Sep-2021 6:49 PM
खुदकुशी मामले में बैंक मैनेजर की गिरफ्तारी सहित 11 सूत्रीय मांगों को ले 20 गांवों के ग्रामीणों का चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 1 सितम्बर।
कल डूमरपाली निवासी आल्हाराम बरिहा की आत्महत्या मामले में बैंक मैनेजर की गिरफ्तारी सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 20 गांवों के ग्रामीणों ने एनएच 53 में चक्काजाम किया। ग्राम डूमरपाली के शहीद वीरनारायण सिंह चौक के सामने ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक एनएच जाम किया। इसके बाद नायाब तहसीलदार झलप देवेंद्र नेताम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। चक्काजाम के दौरान पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। 

छग आदिवासी छात्र संगठन के अध्यक्ष योगेश ठाकुर ने बताया कि आल्हाराम बरिका और उसके परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है, जबकि 9 अगस्त को बैंक ऑफ  महाराष्ट्र के घेराव के दौरान पुलिस ने गिरफ्तारी की बात कही थी। इस बार ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी 12 सूत्रीय मांगें रखी हैं। जिसमें आल्हाराम बरिहा आत्महत्या मामले में बैंक मैनेजर को जल्द गिरफ्तार करने, उनके परिवार को मुआवजा देने, ढांक में खाद्य मंत्री के घोषणा के अनुरूप धान खरीदी केंद्र की तत्काल स्वीकृति प्रदान करने, बिजली की समस्या दूर करने, ढांक टोल प्लाजा में 10 किलोमीटर के गांव को टैक्स फ्री करने,  स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने, हाइवे नेस्ट का संचालन स्थानीय लोगों के द्वारा कराये जाने, हाई स्कूल का भवन जल्द से जल्द बनाने, छात्रों का स्कॉलरशिप जल्द भुगतान करने, राज्यपाल को दिए गए आदिवासी एजेंडा लागू करने, 40 वर्षों से काबिज ग्रामीणों को वन पट्टा देने,  नेशनल हाइवे.53 रोड निर्माण के समय बिना अनुमति के ग्राम डूमरपाली का खेत मुरुम के लिए खोदा गया उन किसानों को मुआवजा देने, अवैध वन कटाई पर रोक लगाने, वन पशुओं का संरक्षण करने, गरीबों को प्रधानमंत्री आवास देने, गुडेलाभांठा के पहाड़ को असामाजिक तत्वों से छुड़ाने की मांगें शामिल हैं। 
 


अन्य पोस्ट