महासमुन्द
मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अगस्त। बुद्ध प्रतिमा खंडित करने वालों पर कार्रवाई की मांग भारतीय बौद्घ महासभा ने की है। उन्होंने कलेक्टर को मुख्यमंत्री व गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
भारतीय बौद्घ महासभा नगर जिला शाखा महासमुंद जिलाध्यक्ष शंकर नंदेश्वर ने जानकारी दी है कि 23 अगस्त को कलेक्टर महासमुंद को बौद्घ उपासक उपासिकाओं की उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें सांगली मेरेगांव, अंबागढ़ चौकी जिला राजनांदगांव स्थित पहाड़ के ऊपर विगत 8-10 वर्ष पूर्व भंते संघरत्न मानके द्वारा तथागत भगवान गौतम बुद्घ की भव्य गोल्डन कलर की प्रतिमा 200 फीट की ऊंचाई पर स्थापित की गई है, जो कि बौद्घ धर्म के आस्था का केन्द्र है और इस स्थान पर प्रतिवर्ष 01 जनवरी को बौद्घ अनुयायियों का विशाल बुद्घ मेला धाम परिषद का कार्यक्रम होते चला आ रहा है।
यह प्रतिमा कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा तोड़ दी गई है। इससे बौद्घ धर्म के मानने वालों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। इस अप्रिय घटना से बौद्घ अनुयायियों में पीड़ा व आक्रोश है। अत: विनम्र निवेदन है कि शांति के प्रणेता और विश्व को शांति का मार्ग प्रशस्त करने वाले तथागत भगवान गौतम बुद्घ की प्रतिमा को खंडित करने वाले असामाजिक तत्वों पर अतिशीघ्र कठोर दण्डात्मक कार्रवाई किया जाए।
इस अवसर पर धर्मगुरु भंते थेरो कुमार कश्यप, अध्यक्ष शंकर नंदेश्वर, पीजी बंसोड़, संरक्षक संजय वासनिक, राजेश आर. भालेराव, उपाध्यक्ष शालिनी गायगौरे, महासचिव राजेश गजभिये, बीपी मेश्राम, देवेन्द्र मेश्राम, रतन कामड़े, देवचंद बंसोड़, आकाश खोब्रागढ़े, सुखश्याम बंसोड़ आदि बौद्घ उपासक उपस्थित थे।


