ताजा खबर
ताड़पाला हिल्स में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बीजापुर, 13 फरवरी। बीजापुर जिले में नक्सलियों के विरुद्ध संचालित प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों के तहत थाना उसूर के ताड़पाला हिल्स एरिया में आज सुरक्षाबलों द्वारा सघन अभियान चलाया गया। यह संयुक्त कार्रवाई केरिपु 196वीं वाहिनी एवं कोबरा 204वीं बटालियन की टीम द्वारा की गई।
अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा दो अलग-अलग स्थानों पर जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम एवं पॉलीथिन में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री, राशन तथा अन्य नक्सल सामग्री को बरामद किया गया। सुरक्षाबलों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई।
ये सामग्री हुई बरामद
13 डेटोनेटर, 11 किलोग्राम गन पाउडर, 4 प्लास्टिक ड्रम, 2 स्टील ड्रम, 2 लोहे के ड्रम, माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट एवं अन्य नक्सली साहित्य।
एरिया डॉमिनेशन एवं डिमाइनिंग कार्रवाई के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन में दबाकर रखे गए 13 बीयर बॉटल में प्रेशर स्विच सिस्टम से लगाए गए आईईडी तथा एक डायरेक्शनल आईईडी (लोहे के पाइप में निर्मित) भी मौके से बरामद किए गए।

सभी 14 आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम निरोधक दस्ता द्वारा मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर टेकमेटला कुंजामपारा क्षेत्र में निर्मित नक्सली स्मारक को भी सुरक्षाबलों द्वारा ध्वस्त किया गया।
सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं लोकतांत्रिक विश्वास की पुनर्स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं निर्णायक कदम मानी जा रही है।


