ताजा खबर
बारामती विमान हादसे में 28 जनवरी को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ कैप्टन सुमित कपूर, कैप्टन शाम्भवी पाठक, अजित पवार के सुरक्षा गार्ड विदिप जाधव और फ़्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौत हो गई थी.
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने इस हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
नाना पटोले ने कहा, "हम सरकार से वही मांग करते हैं जो रोहित पवार ने की है. अमेरिकन कंपनी के बजाय दूसरी कंपनियों से इस घटना की जांच करवाई जाए. जिनका उन्होंने (रोहित पवार) नाम लिया है, ताकि यह पक्का हो सके कि अजित पवार की मौत एक हादसा थी या कोई साज़िश."
नाना पटोले ने आरोप लगाए, “सरकार चुप क्यों है? वे इस मामले को सामने क्यों नहीं ला रहे हैं?"
गुरुवार को इस हादसे पर पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने आशंका जताई थी.
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद 10 फरवरी से एक बार फिर से इस हादसे पर चर्चा शुरू हो गई है.
दरअसल अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार ने अजित पवार की आकस्मिक मृत्यु में साज़िश की आशंका जताई है.
रोहित पवार ने मंगलवार को मुंबई में दावा किया कि कई स्रोतों से विस्तृत जानकारी जुटाने के बाद ही वो ऐसा कह रहे हैं.
रोहित पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, उन्हें एयरलाइन कंपनी वीएसआर, बुकिंग संभालने वाली कंपनी एरो और पायलट सुमित कपूर पर संदेह है. (bbc.com/hindi)


