ताजा खबर

सत्ता-साझेदारी का मेरा फॉर्मूला तमिलनाडु में ‘राजनीतिक बम’ बन गया : विजय
13-Feb-2026 7:24 PM
सत्ता-साझेदारी का मेरा फॉर्मूला तमिलनाडु में ‘राजनीतिक बम’ बन गया : विजय

सेलम (तमिलनाडु), 13 फरवरी। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने शुक्रवार को कहा कि सहयोगियों के साथ सत्ता साझा करने का उनका प्रस्ताव तमिलनाडु में एक “राजनीतिक बम” बन गया है और सभी गठबंधनों में इसकी मांग की जा रही है, जिससे द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ‘‘घबरा” गए हैं।

द्रमुक ने कांग्रेस के साथ सत्ता साझा करने से इनकार कर दिया है।

विजय ने यहां सीलानैकेनपट्टी में एक रैली को संबोधित करते हुए मतदाताओं को आश्वासन दिया कि यदि वह सत्ता में आते हैं तो सामाजिक न्याय प्रदान करने वाला शासन सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने पूछा कि क्या आलोचकों को उनके ‘‘घर’’ के बारे में पता है, कि यह उनकी मातृभूमि तमिलनाडु है जहां आठ करोड़ लोग रहते हैं और वे उनका परिवार हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा लक्ष्य तमिलनाडु के पहले सिपाही और रक्षक के रूप में जनता के साथ खड़ा होना है।’’

विजय ने कहा, ‘‘क्या आपको विक्रवंडी रैली में मेरा राजनीतिक बम याद है, सत्ता साझा करने की पेशकश? अब यह सभी गठबंधनों में धड़ाधड़ फट रहा है। मुख्यमंत्री स्टालिन घबरा गए हैं और उनका कहना है कि सत्ता साझा करना तमिलनाडु के हित में नहीं होगा।’’

उन्होंने कहा कि द्रमुक के लिए गठबंधन केवल जीत हासिल करने के लिए है और शासन जैसे बाकी सभी मामलों में वे अकेले ही काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बाद अब पैसे देकर वोट खरीदने का सपना पूरा नहीं होगा।

विजय ने कहा, ‘‘वे ढेर सारा पैसा लाएंगे, भगवान के नाम पर आपसे वादे करवाएंगे; इसी तरह वे कई सालों से आपको धोखा देते आ रहे हैं, इसे खुशी-खुशी ले लीजिए क्योंकि यह आपका पैसा है। इसे लीजिए और उनके कानों में ‘सीटी’ (टीवीके का चुनाव चिह्न) बजाकर उन्हें भगा दीजिए।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार ने ‘‘स्टालिन सर की कार्यशैली’’ के तहत उनकी पार्टी की रैलियों को रद्द कर दिया। उन्होंने दावा किया कि अन्य पार्टियों को अनुमति दी गई थी, लेकिन उनकी पार्टी को नहीं।

उन्होंने तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मैंने क्या गलत किया? मैं तो राजनीति में उन लोगों की सेवा करने आया था जो मुझसे प्यार करते थे।’’ उन्होंने पूछा, ‘‘क्या यह एक गलती थी? हमारे खिलाफ कौन साजिश रच रहा है? हमारे विरुद्ध कौन षड्यंत्र कर रहा है? हम पर कौन आरोप लगा रहा है? आप सब अच्छी तरह जानते हैं।”

विजय ने कहा कि पैसे देकर वोट खरीदने की संस्कृति का अंत होना चाहिए। (भाषा)


अन्य पोस्ट