ताजा खबर
भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है.
अमित शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि इससे भारत की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को एक और बढ़ावा मिला है.
उनके मुताबिक़ यह समझौता , “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विज़न को एक पक्की सच्चाई में बदलते हुए, यह समझौता मेक इन इंडिया, मेहनती किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप इनोवेटर्स और मछुआरों के लिए तरक्की का रास्ता खोलता है.”
उन्होंने लिखा है कि यह समझौता युवाओं और महिलाओं के लिए रोज़गार भी पैदा करने वाला है.
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्रेड डील के ब्योरे को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा है, ''भारत और अमेरिका ने पारस्परिक और आपसी लाभ वाले व्यापार के लिए एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमति बना ली है. इस व्यापक समझौते में भविष्य में बाज़ार तक बेहतर पहुंच और अधिक मजबूत सप्लाई चेन से जुड़े प्रावधान शामिल होंगे.''
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, '' भारत और अमेरिका का संयुक्त बयान यह साफ़ तौर पर बताता है कि दोनों देशों के बीच अभी तक कोई द्विपक्षीय व्यापार समझौता नहीं हुआ है.यह केवल "अंतरिम समझौते के लिए एक ढांचा" भर है.''
''एक बात बिल्कुल साफ़ है कि फ्रेमवर्क समझौता अमेरिका के पक्ष में झुका हुआ है और इसमें असमानता साफ़ दिखाई देती है.'' (bbc.com/hindi)


