ताजा खबर

सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार
08-Feb-2026 12:04 PM
सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 8 फरवरी। एक युवक ने महिला की निजी तस्वीरें वायरल कर उसे बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश की। तोरवा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके निजी फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रसारित किए जा रहे हैं। आरोप था कि ऐसा जानबूझकर उसकी छवि खराब करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से किया गया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने तत्काल साइबर सेल से तकनीकी सहायता ली। जांच के दौरान इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़े डिजिटल सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपी की लोकेशन जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में चिन्हित की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय सुमित रात्रे, निवासी सूर्य विहार, सिरगिट्टी को हिरासत में लिया। पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट