ताजा खबर

स्पा सेंटर कर्मचारी पर अनैतिक कार्य के लिए दबाव, संचालिका, मैनेजर पर एफआईआर
08-Feb-2026 12:05 PM
स्पा सेंटर कर्मचारी पर अनैतिक कार्य के लिए दबाव, संचालिका, मैनेजर पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 8 फरवरी। बिलासपुर में स्पा सेंटर के संचालन की आड़ में अनैतिक गतिविधियों से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने स्पा सेंटर संचालिका और उसकी मैनेजर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने थाना सिविल लाइंस में दर्ज आवेदन में बताया कि सत्त्यम चौक स्थित आइवरी स्पा सेंटर की संचालिका पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमांग ने उस पर जबरन अनैतिक कार्यों में शामिल होने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, शुरुआत में उसे मासिक वेतन पर नौकरी पर रखा गया था, लेकिन बाद में उसकी इच्छा के विरुद्ध अवैध गतिविधियों में धकेलने की कोशिश की गई।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। साथ ही, सहयोग न करने पर उसकी बदनामी करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। इन परिस्थितियों से भयभीत होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(1)(2), 296, 351(3), 3(5) तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान, उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


अन्य पोस्ट