ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 1 फरवरी। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच तीखी मुठभेड़ हुई। शिवरीनारायण इलाके में घेराबंदी के दौरान डकैत गिरोह के मास्टरमाइंड रामनाथ ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में पकड़े गए अपराधी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह दर्द से कराहता नजर आ रहा है।
बता दें कि 27 और 29 जनवरी को शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में हथियारबंद डकैतों ने भारी उत्पात मचाया था। इस गिरोह ने न केवल लूटपाट की, बल्कि बेरहमी से हमला कर 13 लोगों को लहूलुहान कर दिया था। घायलों में से दो की हालत गंभीर है, जिनका उपचार बिलासपुर और रायपुर में चल रहा है, वहीं एक पीड़ित कोमा में है। इन वारदातों के बाद पुलिस प्रशासन ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
एसडीओपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार, पुलिस ने पहले ही गिरोह के 8 सदस्यों को दबोच लिया था। पूछताछ में मास्टरमाइंड रामनाथ का नाम सामने आया। रविवार तड़के जब पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची, तो खुद को घिरा देख रामनाथ ने कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ शिवरीनारायण थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने अपनी सर्विस पिस्टल से तीन राउंड फायर किए, जिसमें से एक गोली रामनाथ के पैर में जा लगी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक निखिल टंडन (18), मनीराम गोंद (19), नरेश यादव (19), रोशन टंडन (19), आयुष रात्रे (18) और सनी सहित दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। ये सभी आरोपी राहौद और आसपास के इलाकों के निवासी हैं।
पुलिस ने इनके पास से अपराध में प्रयुक्त हथियार और लूटा गया सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 4.09 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त किए गए सामान में लोहे की पाइप, स्टील रॉड, डंडे और बेल्ट, मोटरसाइकिल और स्कूटर, मोबाइल फोन और नगदी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घायल मास्टरमाइंड से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।


