ताजा खबर

घर के भीतर तेज़ दबाव के साथ फूटा पानी, बाल-बाल बचे गृहस्वामी
01-Feb-2026 2:33 PM
घर के भीतर तेज़ दबाव के साथ फूटा पानी, बाल-बाल बचे गृहस्वामी

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 1 फरवरी। उसलापुर गोकुलधाम क्षेत्र में बुधवार देर रात एक घर के भीतर फर्श के नीचे से तेज़ दबाव के साथ पानी फूट पड़ा और कुछ ही पलों में फर्श धंस गई। संयोग से उस समय घर में मौजूद गृहस्वामी सुरक्षित निकल आए; किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक 29 जनवरी की करीब 9 बजे घर के भीतर जोरदार आवाज़ के साथ फर्श से पानी का तेज़ फव्वारा उठा। पानी का दबाव इतना अधिक था कि फर्श टूटकर भीतर की ओर बैठ गई। घटना किसी विस्फोट जैसी प्रतीत हुई, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई।

घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने लगे।

निवासियों का कहना है कि घटना से कुछ ही दूरी पर नए बोरवेल की ड्रिलिंग चल रही थी। इसी दौरान भूमिगत जलधाराओं में दबाव असंतुलित हुआ, जिसका असर आसपास के घरों तक पहुँचा।

भू-वैज्ञानिकों के अनुसार, पुराने बोरवेल के नजदीक नया बोरवेल खोदने से जमीन के भीतर जल-दबाव अचानक बढ़ सकता है। यदि पुराने बोरवेल की सीलिंग कमजोर हो, तो पानी रास्ता खोजते हुए सतह को तोड़ देता है। यही कारण है कि घर की फर्श के नीचे से तेज़ दबाव के साथ पानी बाहर आया और संरचना को नुकसान पहुंचा।


अन्य पोस्ट