ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 1 फरवरी। लकवाग्रस्त और टीबी से पीड़ित व्यक्ति की संदिग्ध मौत के बाद उसकी पत्नी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में दर्री थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दर्री थाना क्षेत्र के अशानगर (लाटा) निवासी 36 वर्षीय अरुण सिंह शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। अरुण लंबे समय से लकवे से ग्रसित थे और टीबी की बीमारी से भी जूझ रहे थे। प्रारंभिक तौर पर पत्नी जंकी उर्फ बंटी देवी ने पुलिस को बताया कि बीमारी से परेशान होकर उनके पति ने ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के घर पर मौजूद बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनकी मां ने कीटनाशक मंगवाकर पिता को पिलाया था। बच्चों के इस बयान के आधार पर पुलिस को महिला की भूमिका संदिग्ध लगी और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने पहले भटकाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि बीमारी से परेशान पति और आपसी विवादों खासकर चरित्र को लेकर होने वाले झगड़ों के चलते उसने ज़हर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
दर्री थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि बच्चों के बयानों और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर ज़हर देकर हत्या करने का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज कर रही है और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र कर जांच को आगे बढ़ा रही है।


