ताजा खबर

फोन टैप मामला: पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर से हैदराबाद में पूछताछ करेगी एसआईटी
01-Feb-2026 11:40 AM
फोन टैप मामला: पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर से हैदराबाद में पूछताछ करेगी एसआईटी

हैदराबाद, 1 फरवरी। तेलंगाना विशेष जांच दल (एसआईटी) राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) से बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) शासन के दौरान कथित ‘‘फोन टैपिंग’’ से जुड़े मामले में रविवार दोपहर यहां उनके आवास पर पूछताछ करेगी।

राव ने शनिवार को एसआईटी से कहा था कि वह एक फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होंगे। उन्होंने नोटिस जारी करने में जांच अधिकारी पर ‘‘कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन’’ किए जाने का भी आरोप लगाया।

बीआरएस ने राव के ‘‘राजनीतिक उत्पीड़न’’ के खिलाफ रविवार को राज्य भर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है।

यह मामला पूर्ववर्ती बीआरएस शासन के दौरान नेताओं, कारोबारियों, पत्रकारों, न्यायपालिका के सदस्यों और अन्य प्रमुख व्यक्तियों का व्यापक, अनधिकृत और अवैध तरीके से फोन टैप किए जाने के आरोपों से जुड़ा है।

राव ने 30 जनवरी को जांच अधिकारी द्वारा जारी नोटिस के जवाब में उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालयों के विभिन्न निर्णयों और अन्य कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए छह पन्नों का जवाब भेजा है।

उन्होंने हैदराबाद के पास येर्रावल्ली स्थित उनके आवास (फार्महाउस) पर जांच अधिकारी द्वारा पूछताछ से इनकार किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। राव ने जांच अधिकारी द्वारा नोटिस को उनके नंदी नगर स्थित आवास की दीवार पर चिपकाने की भी आलोचना की।

‘केसीआर’ के नाम से चर्चित राव ने आरोप लगाया कि दीवार पर चिपकाया गया नोटिस कानून के अनुसार तामील नहीं किया गया था और संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के तहत गारंटी प्रदत्त उनकी गरिमा का उल्लंघन किया गया।

बीआरएस अध्यक्ष ने कहा कि जुबली हिल्स डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के पद पर तैनात जांच अधिकारी का दायित्व है कि वह येर्रावल्ली में उनके ‘‘निवास स्थल’’ पर ही उनका बयान दर्ज करे और किसी अन्य स्थान पर नहीं।

विशेष जांच दल ने टिप्पणी की कि पूछताछ का स्थान आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज सामान्य निवास स्थल के आधार पर तय किया जाता है। इस पर राव ने कहा कि व्यक्ति जहां इस समय रह रहा है, वही पता प्रासंगिक माना जाना चाहिए।

राव ने साथ ही कहा कि वह रविवार को अपराह्न तीन बजे पूछताछ के लिए उपलब्ध रहेंगे, क्योंकि जांच अधिकारी उनके बयान को हैदराबाद पते पर ही दर्ज करने पर जोर दे रहे हैं।

एसआईटी ने 30 जनवरी को येर्रावल्ली में पूछताछ करने का राव का अनुरोध ठुकरा दिया था और उन्हें एक फरवरी को उनके आवास पर उपस्थित होने का निर्देश दिया था।

एसआईटी 30 जनवरी को राव से पूछताछ करने वाली थी, लेकिन आगामी नगर निगम चुनाव नामांकन में व्यस्तता के कारण उन्होंने पूछताछ की तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। (भाषा)


अन्य पोस्ट