ताजा खबर

मुंबई का शूटर रायपुर में पकड़ाया
22-Jan-2022 3:51 PM
मुंबई का शूटर रायपुर में पकड़ाया

  हीरा कारोबारी पर फायरिंग कर फरार था  
 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जनवरी।
मुंबई के देवनार थाना क्षेत्र से फरार हुए पेशेवर शूटर गैंग के सदस्य रायपुर में ठिकाना बनाए हुए हैं। इनमें से एक शॉप शूटर की गिरफ्तारी मौली पारा से हुई है। शनिवार को मुंबई पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया। यहां ट्रांजिट रिमांड के लिए अर्जी दाखिल की। तेलीबांधा में ठिकाना बनाने वाले शूटर का नाम शाहबाज उर्फ सद्दाम बताया गया है। शाहबाज के साथ दो और संदेहियों के रायपुर शहर में छिपने की खबरें हैं। हालांकि पुलिस ने सिर्फ अभी मुख्य आरोपी शाहबाज के पकड़े जाने की पुष्टि की है। दूसरे साथियों की मौजूदगी या उनके फरार रहने के बारे में अधिकारिक कोई जानकारी नहीं दी है।

मुंबई पुलिस ने रायपुर कोर्ट में आरोपी को पेश करने के बाद उसे मुंबई ले जाने की बात कही है। अभी मालूम हुआ है, आरोपी शाहबाज उर्फ सद्दाम मुंबई में कुछ रोज पहले हीरा कारोबारी पर फायरिंग कर उससे लूटपाट के मामले में फरार हुआ था। रायपुर में उसने छह जनवरी को पनाह ली थी। जांच में यह भी पता चला है शाहबाज ने बकायदा एक कमरा मौलीपारा में किराए से ले रखा था। उसके आने की किसी को भी भनक नहीं लगी। मुंबई के मोस्ट वांटेड सूची में आरोपी का नाम शामिल है। उसके खिलाफ जानलेवा हमला कर लूटपाट का मामला मुंबई के देवनार थाना में दर्ज है।
 

 


अन्य पोस्ट