ताजा खबर

कवर्धा साम्प्रदायिक विवाद, सांसद संतोष पांडेय, अभिषेक समेत 82 फरार घोषित
22-Jan-2022 1:46 PM
कवर्धा साम्प्रदायिक विवाद, सांसद संतोष पांडेय, अभिषेक समेत 82 फरार घोषित

  कवर्धा पुलिस ने फरारी के बीच अदालत में पेश किया चालान  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 22 जनवरी।
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को कवर्धा दंगे भडक़ाने के मामले में पुलिस ने फरार घोषित किया है। कवर्धा पुलिस ने इस मामले में 82 लोगों को भी अभियुक्त ठहराते हुए फरारी के बीच अदालत में चालान पेश किया है। पुलिस ने अदालत को फरार आरोपियों की खोजबीन करने और अपराध के संबंध में जानकारी दी है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह समेत अन्य आरोपियों पर कवर्धा में हुए दंगे में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होने का पुलिस ने आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ दंगा भडक़ाने और अन्य मामलों में अलग-अलग धाराएं दर्ज की है।

मिली जानकारी के मुताबिक अपराध दर्ज करने के बाद से पुलिस सभी की तलाश कर रही थी। पुलिस आरोपियों की पतासाजी के लिए कई बार उनके ठिकानों में भी पहुंची, लेकिन सभी फरार हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक फरारी की स्थिति में पुलिस ने अदालत को उनके संपत्ति के संबंध में भी जानकारी दी है। माना जा रहा है कि अदालत चालान पेश करने के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए संपत्ति कुर्की करने का आदेश भी दे सकती है। फिलहाल पुलिस ने संपत्ति कुर्की को लेकर अदालत से मांग नहीं की है।  

इस संबंध में कवर्धा एसपी लाल उम्मेद सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि सभी आरोपी फरार हैं, लिहाजा अदालत में चालान पेश किया गया है। उनकी संपत्ति का भी विवरण अदालत को दिया गया है।
इस बीच कवर्धा दंगे में आरोपी बने सांसद संतोष पांडेय और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के खिलाफ  चालान पेश करने के बाद फरार घोषित करने के मामले में राजनीतिक तूफान खड़ा हो सकता है। फरार घोषित करने के निर्णय पर सांसद संतोष पांडेय ने ‘छत्तीसगढ़’  से प्रतिक्रिया में कहा कि कवर्धा दंगे के मामले में सीबीआई जांच की मांग करने की वजह से उन्हें सरकार के इशारे पर पुलिस ने फरार घोषित किया है, जबकि वह पुलिस सुरक्षा में ही राजनंादगांव और कवर्धा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। इधर भाजपा नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने एक बार भी किसी को नोटिस नहीं दिया है। ऐसे में उनके विरुद्ध फरारी की कार्रवाई एकतरफा की गई है।

 


अन्य पोस्ट