कोरिया

छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति पर पुस्तक लिखेंगे उपाध्याय
28-Oct-2021 6:08 PM
छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति पर पुस्तक लिखेंगे उपाध्याय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 मनेंद्रगढ़, 28 अक्टूबर। साहित्यकार एवं हिंदी साहित्य भारती के कोरिया जिले के संयोजक सतीश उपाध्याय नेशनल बुक ट्रस्ट नई दिल्ली के नवसाक्षर साहित्य माला के अंतर्गत राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव पर आधारित पुस्तक लिखेंगे।

 ज्ञातव्य है कि मनेंद्रगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार श्री उपाध्याय ने इसके पूर्व राजस्थान प्रौढ़ शिक्षा समिति जयपुर राजस्थान एवं राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत की संयुक्त कार्यशाला जैसलमेर में नवसाक्षर साहित्य माला के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण पर बुधिया का सपना  एवं ‘मजेदार गांव’ पुस्तक लिख चुके हैं, जिसे राष्ट्रीय पुस्तक न्यास  ने प्रकाशित किया था। इसके अतिरिक्त रिचा प्रकाशन दिल्ली एवं अन्य प्रकाशन से सतीश उपाध्याय की कृतियां प्रकाशित हो चुकी है। रायपुर में 28 से 30 अक्टूबर तक दूसरा राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।  श्री उपाध्याय की कृतियों में ‘मजेदार गांव’ एवं ‘बुधिया का सपना’ पुस्तक की छठवीं आवृत्ति  का प्रकाशन नेशनल बुक ट्रस्ट दिल्ली के द्वारा किया जा चुका है।  पुरातत्व, पर्यावरण एवं जनजाति संस्कृति से संबंधित आर्टिकल  में रुचि रखने वाले साहित्यकार श्री उपाध्याय पिछले 30 वर्षों से देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर लिख रहे हैं।

 राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव छत्तीसगढ़ राज्य शासन का प्राथमिकता  का एक प्रमुख आयोजन है, जिससे छत्तीसगढ़ की जनजाति संस्कृति रहन सहन लोक कलाओं का वैश्विक स्तर पर तेजी से पहचान बढ़ रही है नेशनल बुक ट्रस्ट के नवसाक्षर श्रृंखला के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के ‘राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव- 2021’ से संबंधित कृतियों के प्रकाशन से छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों की जनजाति संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान मिलने का रास्ता प्रशस्त हो सकेगा।

श्री उपाध्याय इसके साथ ही मनेंद्रगढ़ के 28 करोड़ वर्ष पुराने मेरिन फासिल्स पर भी लेखन कार्य कर रहे हैं,  एवं मनेंद्रगढ़ में स्थित राष्ट्रीय धरोहर मेरिन फॉसिल्स संरक्षण समिति के सदस्य भी हैं।


अन्य पोस्ट