कोण्डागांव
कलेक्टर ने सर्वेक्षण कार्य का किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 18 फरवरी। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला कोण्डागांव में राजस्व सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसके तहत जिले के कुल 584 ग्रामों का राजस्व सर्वेक्षण किया जाना है। राजस्व सर्वेक्षण कार्य हेतु ग्राम ठोटी मड़ानार प.ह.न. 01 केजंग रा.नि.मं. किबईबालेंगा तहसील कोण्डागांव को पायलेट प्रोजेक्ट ग्राम चयनित किया गया है।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना द्वारा ग्राम ठोटी मड़ानार में सर्वेक्षण टीम द्वारा की जा रही राजस्व सर्वेक्षण का कार्य का मौके पर निरीक्षण किया गया एवं समस्त पहलुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर त्रुटिपूर्ण एवं सटीक जानकारी के साथ सर्वे कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान कोंडागांव एसडीएम अजय उरांव, संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी भू अभिलेख वहिदुर्रहमान, सहायक अधीक्षक भू अभिलेख अरुण कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षण अजय श्रीवास्तव एवं सुरेन्द्र बागड़े, पटवारी लखमू राम सोढ़ी, सर्वे टीम सहित सरपंच और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कोण्डागांव जिले में वर्ष 1924-25 में बन्दोबस्त सर्वेक्षण कार्य किया गया था। इसके पश्चात जिले में राजस्व सर्वेक्षण कार्य नही किया गया है। 100 वर्षों के अंतराल में स्थल की स्थिति में काफी परिवर्तन हो चुका है। इनके अलावा जिले के अधिकांश ग्रामों का नक्शा अपूर्ण एवं जीर्ण-शीर्ण है। नक्शे एवं मौके की स्थिति में काफी भिन्नता है। कई ग्रामों के संदर्भ एवं चालू नक्शा अनुपलब्ध है तथा जिले के ग्रामों के अधिकांश चांदा मुनारा विलुप्त हो चुके हैं, जिसमें भूमि संबंधी विवादों में निरंतर वृद्धि हो रही है। ग्राम सभाओं में किसानों द्वारा निरंतर राजस्व सर्वेक्षण की मांग की जा रही थी, ताकि अभिलेख एवं नक्शा सही स्थिति में एवं एकरूपता रहे, जिससे विवादों का निराकरण सहजता से हो सके।
उक्त सर्वेक्षण कार्य पूर्ण होने से ग्रामीणों को भूमि संबंधी दस्तावेजों की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित होंगी।


