कोण्डागांव

सतनामी समाज के सुरेश बघेल बने जिलाध्यक्ष
16-Feb-2026 10:13 PM
सतनामी समाज के  सुरेश बघेल बने जिलाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 16 फरवरी। जिला निर्वाचन समिति, सतनामी समाज कोंडागांव के तत्वावधान में रविवार को जिला पदाधिकारियों के आम निर्वाचन हेतु मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। चुनाव में सुरेश बघेल जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

        निर्वाचन के लिए जिले में कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहाँ समाज के मतदाताओं में महिला पुरुष ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान उपरांत मतगणना की प्रक्रिया शाम 5 बजे सतनाम भवन कोंडागांव में प्रारंभ की गई, जो पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई।

 निर्वाचन परिणाम के अनुसार जिलाध्यक्ष पद पर सुरेश बघेल निर्वाचित हुए। जिला सचिव पद पर वासुदेव डहरिया निर्वाचित हुए एवं जिला कोषाध्यक्ष पद पर विशाल बंजारे निर्वाचित हुए।

 नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समाजजनों एवं समर्थकों द्वारा फूलमाला पहनाकर  हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। सभी ने आशा व्यक्त की कि नवगठित टीम समाज के विकास, एकता एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी।

यह आम निर्वाचन जिला निर्वाचन समिति के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ जिसमें अध्यक्ष सुरेश बेर, सचिव प्रेमराज डहरिया, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र चतुर्वेदी, सदस्य लखमू राम टण्डन, ओमप्रकाश सेवक, सानू मार्कण्डेय,सुरेंद्र बंजारे, पुरुषोत्तम डहरिया, पीठासीन जोनल प्रभारी थबीर डहरे, का निर्वाचन प्रक्रिया में अहम योगदान रहा।

उक्त सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया वरिष्ठ सदस्य लखमुराम टण्डन के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। जिला निर्वाचन समिति के अध्यक्ष सुरेश बेर ने निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं समस्त पीठासीन अधिकारियों एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट