कोण्डागांव

सामुदायिक पुलिसिंग: पेरमापाल में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न
18-Feb-2026 9:58 PM
सामुदायिक पुलिसिंग: पेरमापाल में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 18 फरवरी। सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और ग्रामीणों के साथ समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से थाना बयानार क्षेत्र के ग्राम पेरमापाल में 16 एवं 17 फरवरी को दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस विभाग के मार्गदर्शन में किया गया।

यह आयोजन पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के निर्देशन में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डॉडे एवं एसडीओपी मर्दापाल सतीश भार्गव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी बयानार राकेश कुमार राठौर ने किया।

ग्रामीणों की आस्था को ध्यान में रखते हुए माटी पुजारी, गायता, सरपंच और ग्राम प्रमुखों की उपस्थिति में कुलदेवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई। अतिथियों का स्वागत स्थानीय मादरी नृत्य दल द्वारा पारंपरिक तरीके से किया गया।

16 टीमों ने लिया भाग

प्रतियोगिता में पेरमापाल, मुंगवाल, चेमा, रेंगागोंदी, आदनार, केजंग, कोरोहबेडा, चेरांग, जोगी अलवाड़, तोतर, आमगांव, बयानार और मढऩार सहित विभिन्न ग्रामों की कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया।

 विजेता टीमें: प्रथम स्थान - ग्राम आमगांव, द्वितीय स्थान- ग्राम मुंगवाल ‘ए’, तृतीय स्थान- ग्राम आदनार, चतुर्थ स्थान-ग्राम मुंगवाल ‘बी’

पुरस्कार स्वरूप प्रथम टीम को शील्ड, जर्सी एवं 5000 रुपए, द्वितीय को शील्ड, जर्सी एवं 3000, तृतीय को शील्ड, जर्सी एवं 2000 तथा चतुर्थ को वॉलीबॉल, नेट एवं 1000 रुपए प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पेरमापाल की 20 महिलाओं को साड़ी वितरण कर सम्मानित किया गया। आयोजन में आए जनप्रतिनिधियों, खिलाडिय़ों और ग्रामीणों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। पुलिस विभाग के अनुसार, ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩा और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करना है।


अन्य पोस्ट