कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 18 फरवरी। कोंडागांव जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठोटी मड़ानार (स्कूल पारा) में मंगलवार शाम एक सडक़ दुर्घटना में युवक घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग 4.30 बजे पंडेर सोढ़ी निवासी ग्राम चलका नयापारा, तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। मोड़ (टर्निंग) पर संतुलन बिगडऩे से वह बाइक से गिर पड़ा और घायल हो गया।
खिलाडिय़ों ने दिखाई तत्परता
घटना के समय मार्ग से गुजर रहे वॉलीबॉल खिलाडिय़ों ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल युवक को ठोटी मड़ानार उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
परिजनों को दी गई सूचना
हादसे की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी गई है। समय रहते सहायता मिलने से संभावित गंभीर परिणाम टल गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे विशेषकर मोड़ और ग्रामीण मार्गों पर वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।


