कोण्डागांव

छात्रावास कक्ष साज-सज्जा स्पर्धा, पालक-बालक न्योता भोज भी
16-Feb-2026 10:13 PM
छात्रावास कक्ष साज-सज्जा स्पर्धा, पालक-बालक न्योता भोज भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 16 फरवरी। कोण्डागांव जिले के विकासखण्ड कोण्डागांव अंतर्गत प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास बनियागांव में रविवार को कक्ष साज-सज्जा प्रतियोगिता एवं पालक-बालक न्योता भोज का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनियागांव की प्राचार्य  ज्योति एक्का की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जिसमें पालकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

इन दिनों आश्रम एवं छात्रावासों में शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों की भी अनूठी झलक देखने को मिल रही है। सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी के मार्गदर्शन में 12 से 15 फरवरी तक आयोजित कक्ष साज-सज्जा प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं को स्वच्छ, सुन्दर और आकर्षक रूप दिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में टीमवर्क, अनुशासन तथा रचनात्मक सोच का विकास करना था।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निर्णायक मंडल ने स्वच्छता, सजावट और अनुशासन के आधार पर मूल्यांकन किया। इसमें प्रथम स्थान डॉ. भीमराव अंबेडकर कक्ष क्रमांक-04, द्वितीय स्थान भगवान बिरसा मुंडा कक्ष क्रमांक-02 तथा तृतीय स्थान शहीद वीर नारायण सिंह कक्ष क्रमांक-03 को प्राप्त हुआ। विजेता विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें पालकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, अधीक्षक शिवलाल बघेल सहित लखमुराम मौर्य, गागरू राम सोड़ी, प्रताप सिंह कोर्राम, विजय पोयाम, नीलाबती, छात्रावास के कर्मचारी एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों में स्वच्छता, रचनात्मकता और सामूहिकता की भावना को प्रोत्साहित करने वाला सफल कार्यक्रम सिद्ध हुआ।


अन्य पोस्ट