कोण्डागांव

बाबा साहेब अंबेडकर सेवा संस्था की अभिनव पहल
18-Feb-2026 9:54 PM
बाबा साहेब अंबेडकर सेवा संस्था की अभिनव पहल

 वैवाहिक समारोह में भेंट की संविधान प्रति

कोंडागांव, 18 फरवरी। जिला मुख्यालय स्थित सामाजिक संस्था बाबा साहेब अंबेडकर सेवा संस्था, कोंडागांव द्वारा भारतीय संविधान को जन-जन तक पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से निरंतर सार्थक पहल की जा रही है। संस्था विगत वर्षों से विभिन्न आयोजनों के अवसर पर भारतीय संविधान की प्रतियां लोकहित में सुलभ कराती आ रही है।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत सोनाबाल (खुटपारा), तहसील मर्दापाल, विकासखंड एवं जिला कोंडागांव निवासी जगत नेताम के पुत्र एवं पुत्रवधू के वैवाहिक आशीर्वाद समारोह के अवसर पर मंच से भारतीय संविधान की प्रति भेंट की गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने नवदंपत्ति को संविधान की प्रति प्रदान कर उनके सुखमय एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक सुधराम मरकाम, पूर्व अध्यक्ष मुकेश मार्कंडेय, उपाध्यक्ष हितेंद्र कुमार श्रीवास तथा संदीप कोर्राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।संस्था द्वारा समय-समय पर समाज के महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर विशेष आयोजन कर उनके राष्ट्रहित एवं समाजहित में किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।

संस्था का उद्देश्य सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और संविधानिक मूल्यों को तृणमूल स्तर तक सशक्त रूप से स्थापित करना है।


अन्य पोस्ट