कोण्डागांव

खालेमुरवेंड आत्मानंद विद्यालय में 50 बालिकाओं को साइकिल, 10 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप
16-Feb-2026 10:16 PM
खालेमुरवेंड आत्मानंद विद्यालय में 50 बालिकाओं को साइकिल, 10 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 16 फरवरी। राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खालेमुरवेंड स्थित आत्मानंद विद्यालय में साइकिल एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय स्टेट बैंक के ग्राम सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत समर्थन संस्था के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढऩे में सहयोग देना रहा।

कार्यक्रम में खालेमुरवेंड एवं सालेभाट क्षेत्र की कक्षा पाँचवीं, छठवीं एवं सातवीं में अध्ययनरत 50 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो सकेगी। इसके साथ ही 10 प्रतिभावान युवक-युवतियों को भारतीय स्टेट बैंक ओजस स्कॉलरशिप प्रदान की गई, ताकि वे आर्थिक बाधाओं से मुक्त होकर अपनी शिक्षा और प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें।

कार्यक्रम में ग्राम सरपंच, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम प्रमुख तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सरपंच ने कहा कि शासन एवं संस्थाओं द्वारा दी जा रही सुविधाओं का सही उपयोग करते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। विद्यालय के प्राचार्य अजय शर्मा ने कहा कि साइकिल मिलने से बालिकाओं का समय बचेगा और उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी शिक्षा निरंतर बनी रहेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान समर्थन संस्था की टीम की सक्रिय भागीदारी रही, जिसके सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिला मीडिया प्रभारी पवन कुमार साहू, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, जिला कोण्डागांव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।


अन्य पोस्ट