कोण्डागांव
कोण्डागांव, 16 फरवरी। जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र बयानार अंतर्गत पेरमापाल गांव में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पुलिस विभाग की पहल पर ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के साथ किया जा रहा हैं।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव के संरक्षण में प्रारंभ हुआ। प्रतियोगिता का संचालन थाना प्रभारी राकेश कुमार राठौर के नेतृत्व में हुआ। 16 फरवरी को आयोजित शुभारंभ समारोह में उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पहले ग्रामीण परंपरा और आस्था के अनुसार कुलदेवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
इसके बाद अतिथियों के स्वागत के साथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शामिल 16 टीमों के बीच मुकाबलों की शुरुआत कराई गई। आयोजन स्थल पर खिलाडिय़ों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई।
पुलिस और ग्रामीणों की सहभागिता से आयोजित इस प्रतियोगिता को क्षेत्र में सामाजिक समरसता, खेल भावना और जन-पुलिस संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


