कोण्डागांव

आईजी ने कोंडागांव जिले का किया वार्षिक निरीक्षण
31-Dec-2025 9:19 PM
 आईजी ने कोंडागांव जिले का किया वार्षिक निरीक्षण

दरबार लगा जवानों से चर्चा, संवेदनशील पुलिसिंग के लिए किया प्रेरित

कोंडागांव, 31 दिसंबर। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दर राज पी. (आईपीएस) ने मंगलवार को जिला कोंडागांव का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान रक्षित केंद्र में परेड का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक ने दरबार आयोजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। दरबार के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने, उनकी समस्याओं को सुनने और नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्र में साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, सीसीटीवी, मालखाना, सीसीटीएनएस एवं स्टोर के रखरखाव का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कर्तव्य के प्रति सतर्क रहने एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित आवश्यक निर्देश भी दिए।

इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक ने 'पुनामार्गेम: पुनर्वास से पुनर्जीवनÓ पहल के अंतर्गत ग्राम देवखरगांव में संचालित नक्सल पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में रह रहे पुनर्वासित व्यक्तियों से संवाद किया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों और शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान 35 पुनर्वासित व्यक्तियों को स्मार्टफोन एवं प्रशिक्षण किट का वितरण किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक सुन्दर राज पी. ने पुनर्वासित व्यक्तियों से चर्चा करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि हिंसा का मार्ग छोड़ चुके लोगों को कौशल प्रशिक्षण एवं शासकीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे समाज में सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें। उन्होंने प्रशिक्षण अवधि का उपयोग कर अर्जित कौशल को अपने जीवन और गांवों में लागू करने की अपील की।

कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने पुनर्वास केंद्र में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण के बाद पुनर्वासित व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोडऩे का उद्देश्य है। पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने योजना के अंतर्गत विभिन्न ट्रेड में दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण और शासकीय योजनाओं से जोडऩे की प्रक्रिया की जानकारी दी।


अन्य पोस्ट