कोण्डागांव
सोमवार से शुरु होगा स्वच्छता अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 जनवरी। नगर के मध्य स्थित बंधा तालाब को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा सोमवार को प्रात: 10 बजे से व्यापक सफाई अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस संबंध में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने रविवार को कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के साथ बंधा तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा सफाई एवं संरक्षण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
विधायक सुश्री उसेण्डी ने तालाब में शहर के विभिन्न वार्डों से आ रहे गंदे पानी की निकासी को रोकने एवं स्थायी समाधान के रूप में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेण्डी, जिला पंचायत कांकेर की अध्यक्ष किरण नरेटी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
सफाई अभियान में श्रमदान की अपील
बंधा तालाब में प्रारंभ हो रहे सफाई अभियान में जनसहभागिता सुनिश्चित करने हेतु नगर पालिका परिषद द्वारा नगरवासियों से श्रमदान की अपील की गई है। नगर पालिका ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे स्वेच्छा से इस अभियान में सहभागी बनकर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दे सकते हैं।


