कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 25 सितंबर। केशकाल नगर वासियों समेत समूचे बस्तर संभाग के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 5-6 महीनों से राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर छत्तीसगढ़ के केशकाल नगर सीमा के भीतर की जर्जर सडक़ से जल्द ही निजात मिलने वाली है। जी हां, केंद्र सरकार ने शहर के सडक़ के जीर्णोद्धार हेतु 8 करोड़ 19 लाख रुपए की स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री एवं परिवहन मंत्री को धन्यवाद भी दिया है। अब लोगों को उम्मीद है बारिश खत्म होते ही सडक़ निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
ज्ञाता हो कि केशकाल शहर में एनएच 30 में 3.5 किलोमीटर के इस पेंच में बने बड़े-बड़े गड्ढों और धंसी हुई परतों ने इस मार्ग को जानलेवा बना दिया है। स्थिति यह है कि केशकाल शहर को पार करने में वाहनों को जहां 5-10 मिनट लगते थे, वहीं अब आधे घंटे तक का समय लगने लगा है। मीडिया के माध्यम से समय समय पर समाचारों के माध्यम से शासन प्रशासन का ध्यानाकर्षण करवाने के परिणामस्वरूप लम्बे समय के इंतजार के बाद अब जाकर इस सडक़ से आने-जाने वालों के लिए अच्छी खबर आई है। जिससे आम जनता के साथ साथ राहगीरों में भी खुशी देखने को मिल रही है।
सीएम साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केशकाल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और यहां के लोगों के लिए बेहतर सडक़ सुविधा उपलब्ध कराएगी।
खराब सडक़ से परेशान थे लोग
ज्ञाता हो कि केशकाल के लोग लंबे समय से इस सडक़ की जर्जर हालत को लेकर परेशान हैं। और सरकार से इसे सुधारने की मांग करते आ रहे हैं। सडक़ पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है। अनुमान से बड़े गड्ढों में पहिया फंसने से बाइक और स्कूटी सवार आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। वहीं, चारपहिया वाहनों में टूट-फूट और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई बसों और ट्रकों के पलटने तक कि नौबत आ चुकी है। जब बारिश बंद होती है तो धूल की समस्या से लोग हलकान परेशान हो जाते हैं। आलम यह है कि अब एनएच 30 के किनारे बसे दुकानदारों व राहगीरों को सांस सम्बंधित बीमारियां भी होने लगी है। अब केंद्र सरकार की इस आर्थिक स्वीकृति से आवागमन में आसानी होगी।
ट्रैफिक को देखते हुए डिवाइडर के साथ चौड़ीकरण बनाना अति आवश्यक - उपाध्याय
इस संबंध में वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय ने कहा कि इस स्वीकृति से हमें केवल वैकल्पिक राहत मिल सकती है। स्थायी समाधान करते हुए नगर के विकास हेतु केशकाल में सडक़ के चौड़ीकरण, नाली निर्माण व बरसाती पानी के निकासी की व्यवस्था करवाने की आवश्यकता है। क्योंकि जिस प्रकार से इस सडक़ में वाहनों की संख्या बढऩे से सडक़ पर दबाव बढ़ रहा है। इस नजरिए से शहर की सडक़ का चौड़ीकरण करवाना बहुत जरूरी है। तभी यहां की जनता को राहत मिलेगी, नहीं तो हर साल बारिश के बाद सडक़ की यही स्थिति बनती रहेगी।
8 करोड़ राशि नगर के लिए काफी नहीं है,
बनना चाहिए डिवाइडर सडक़-पूर्व नपं अध्यक्ष
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान ने बताया कि वर्तमान में जो राशि स्वीकृत हुई है वहां फिलहाल के लिए ठीक है । जिस तरह से जर्जर सडक़ है उसके लिए या राशि काफी है। मगर आने वाले समय में ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर होना अति आवश्यक है । क्योंकि केशकाल शहर में नाली निकासी व्यवस्था ठीक से नहीं होने के कारण ही सडक़ लगातार खराब होते जा रहा है, इसलिए समय रहते केशकाल शहर का चौड़ीकरण होना अति आवश्यक है ।


