कोण्डागांव

जर्जर सडक़ का जायजा लेने पहुंचे अधिवक्ता, नगरवासियों से बात कर सुनीं समस्याएं
19-Sep-2025 10:02 PM
जर्जर सडक़ का जायजा लेने पहुंचे अधिवक्ता, नगरवासियों से बात कर सुनीं समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 19 सितंबर। केशकाल शहर की जर्जर सडक़ के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों को देखते हुए बीते दिनों जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सडक़ की वस्तुस्थिति की जानकारी हेतु कोंडागांव से अधिवक्ताओं की एक जांच टीम गठित कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। जिसके परिपालन में शुक्रवार को अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक ठाकुर, गोपाल दीक्षित के साथ पीडब्ल्यूडी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम केशकाल पहुंची।

इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत से पंचवटी तक पैदल नगर का भ्रमण कर सडक़ की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय नगरवासियों, दुकानदारों एवं राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुनते हए एक विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की गई है।

न्यायालय को जांच रिपोर्ट सौंपेगी टीम

इस संबंध में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने बताया कि माननीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार हमने केशकाल शहर की सडक़ का जायजा लिया। कई प्रकार की खामियां पाई गई, जिसमें मुख्यत: जाम पड़ी नालियां, पानी के निकासी की व्यवस्था, चौड़ीकरण, नालियों पर बनी दुकानें आदि शामिल हैं। इन समस्याओं पर जिला प्रशासन को संज्ञान लेना चाहिए था लेकिन उन्होंने नहीं लिया। ऐसे में हमें यहां आना पड़ा है, हम एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर न्यायालय को सौंपेंगे। उम्मीद है न्यायालय द्वारा संज्ञान लेने पर जल्द ही इसका समाधान होगा।

जिला प्रशासन ने की न्यायालय के आदेश की अवहेलना

जांच टीम के सदस्य अधिवक्ता गोपाल दीक्षित ने बताया कि न्यायालय ने जिला प्रशासन को पत्र लिख कर जवाब मांगा था। लेकिन जिला प्रशासन इतना सुस्त है कि उन्होंने न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर दी। इसलिए आज हमारी टीम ने केशकाल आकर जनपद पंचायत से पंचवटी तक कि सडक़ का जायजा लिया है। सडक़ पर इतनी धूल उड़ रही है इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।

लोगों ने चर्चा में बताया कि स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्हें आए दिन रायपुर जाना पड़ रहा है। इस सडक़ के सुधार के लिए स्थानीय प्रशासन, एनएच विभाग के साथ साथ नगरवासियों को भी जागरूकता दिखाते हुए सहयोग करने की आवश्यकता है।

जिला प्रशासन के सुस्त रवैये पर वकीलों ने जताई नाराजगी

अधिवक्ता दुर्गेश जोशी व महेश बघेल ने बताया कि केशकाल की जर्जर सडक़ के कारण आए दिन सडक़ दुर्घटनाएं हो रही हैं। बीते दिन गड्ढों के कारण बाइक से गिर गई उस महिला के हाथ पर ट्रक का पहिया चढ़ गया था। चूंकि हम प्रतिदिन मोटरसाइकिल से न्यायालय आना जाना करते हैं। न्यायालय पहुंचते तक शरीर धूल से सराबोर हो जाता है, कपड़े गंदे हो जाते हैं। यहां प्रशासन और जनप्रतिनिधि इतने सुस्त हैं कि उन्हें कोई फर्क ही नहीं पड़ता। यही कारण है कि न्यायालय को हस्तक्षेप करने की नौबत आई है।

नगरवासियों ने की सडक़ चौड़ीकरण की मांग

स्थानीय कुंजबिहारी पटेला ने बताया कि रायपुर से जगदलपुर तक केवल केशकाल की सडक़ है जहां इतनी अव्यवस्थाएं हैं। केशकाल में भी स्थायी व्यवस्था करने के लिए सडक़ चौड़ीकरण की आवश्यकता है। पिछले 2 दशक से हम सुनते आ रहे हैं कि केशकाल की सडक़ का चौड़ीकरण होगा। अधिकारी आते हैं, नाप जोख कर के चले जाते हैं लेकिन चौड़ीकरण के लिए आगे कार्यवाही नहीं होती।


अन्य पोस्ट