कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 8 सितंबर। जिले के थाना ईरागांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुण्डाबेड़मा में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक लच्छेन राम मंडावी की हत्या उसके ही सगे चाचा के पुत्रों ने की थी। हत्या की वजह पुराना जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश बताई जा रही है।
2 सितंबर की सुबह लगभग 9 बजे लच्छेन राम मंडावी अपने घर से निकला था और इसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों ने 5 सितंबर को थाना ईरागांव में गुम इंसान रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक येदुवेल्ली अक्षय कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लगातार छानबीन करते हुए मृतक की तलाश शुरू की।
6 सितंबर को तलाश के दौरान पुसापारा बिन्झे बारदा नदी के पानी में लच्छेन राम मंडावी का शव मिला। शव को देखकर यह साफ हो गया कि उसकी मौत सामान्य नहीं थी। मृतक के सिर और गले पर गहरे चोट के निशान थे, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। परिजनों ने भी संदेह जाहिर किया कि पुराने पारिवारिक विवाद के चलते ही यह हत्या की गई है।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक का चाचा के बेटों रामचरण मंडावी और सरवन मंडावी से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों भाइयों ने आपस में मिलकर लच्छेन राम मंडावी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और 2 सितंबर को घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया ताकि मामला दुर्घटना लगे।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने लकड़ी के डंडे से वार कर लच्छेन राम मंडावी की हत्या की थी। इसके बाद शव को नाले में फेंक दिया ताकि किसी को शक न हो। ईरागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों रामचरण मंडावी (23) और सरवन मंडावी (24) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।