कोण्डागांव

शिक्षा, खेल, कला और समाज सेवा में अग्रणी शिक्षक शिवचरण साहू बने प्रेरणा के स्रोत
04-Sep-2025 10:43 PM
शिक्षा, खेल, कला और समाज सेवा में अग्रणी शिक्षक शिवचरण साहू बने प्रेरणा के स्रोत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 सितंबर। कोण्डागांव जिला के शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मड़ानार के समर्पित शिक्षक शिवचरण साहू शिक्षा, खेल, कला और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी बहुमुखी प्रतिभा से बच्चों और समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।

 जुलाई 2007 में शिक्षाकर्मी वर्ग-03 के रूप में नियुक्त होकर वर्तमान में शिक्षक (एलबी) पद पर कार्यरत साहू न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार ला रहे हैं बल्कि सामुदायिक सहयोग से विद्यालय और बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

शिवचरण साहू के प्रयासों से विद्यालय को 2020 में जिला प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय सम्मान और 2022 में डाईट बस्तर द्वारा एक्सीलेंसी अवार्ड प्राप्त हुआ। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने 2018 से 2022 तक अवकाश के दिनों में मार्शल आर्ट प्रशिक्षण शिविर लगाकर 500 से अधिक छात्राओं को आत्मरक्षा में दक्ष बनाया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के बच्चों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 204 बार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय से अब तक 15 खिलाड़ी चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं।

साहू स्वयं काष्ठ शिल्पकार और चित्रकार हैं। उनके निर्देशन में विद्यार्थी शिल्पकला और चित्रकारी में दक्ष होकर प्रतिवर्ष लगभग तीन लाख रुपए तक का आर्थिक उपार्जन कर रहे हैं। विद्यालय को अखिल भारतीय सतनामी समाज और राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य एवं लोककला महोत्सव में उत्कृष्ट कला प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। समाज सेवा के क्षेत्र में भी साहू अग्रणी हैं। उन्होंने अब तक 53 बार नि:शुल्क रक्तदान किया है और 2018 में मरणोपरांत देहदान की घोषणा की, जिसके लिए उन्हें विभिन्न संगठनों द्वारा सम्मानित किया गया।

सम्मान और अलंकरण

शिवचरण साहू को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2021, छत्तीसगढ़ गौरव अलंकरण 2018, अक्षय गौरव 2019, तुलसी मानस अलंकरण 2024, योगाचार्य सम्मान 2017 सहित अनेक राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय सम्मानों से नवाजा गया है।

साहू का संकल्प है कि सामुदायिक सहभागिता से बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय में संस्कारिक एवं व्यवसायिक शिक्षा केन्द्र और समाज उत्थान केन्द्र की स्थापना की जाए।


अन्य पोस्ट