कोण्डागांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने मंगलवार को न्यू सर्किट हाउस कोण्डागांव में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल के समर्थन में सडक़ों पर उतरकर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है। जबकि चैतन्य बघेल का न तो कांग्रेस में कोई पद है और न ही जिम्मेदारी। फिर भी उनके लिए पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाना पुत्र मोह की पराकाष्ठा को दर्शाता है।
लता उसेंडी ने कहा कि, कांग्रेस सरकार और भूपेश बघेल स्वयं जनता को भ्रमित कर रहे हैं और भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कानून का दुरुपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला आवंटन, पेड़ों की कटाई और वन स्वीकृति से जुड़े जिन मामलों पर कांग्रेस बार-बार केंद्र सरकार को दोषी ठहरा रही है, उन्हीं परियोजनाओं की सिफारिश खुद भूपेश सरकार ने की थी। वर्ष 2010 में कांग्रेस की ही केंद्र सरकार ने हसदेव अरण्य क्षेत्र को नो-गो जोन से हटाकर गो क्षेत्र घोषित किया था। इसके बाद 2019 से 2023 के बीच गारे-पेलमा सेक्टर, महाजेंको कोलफील्ड और अन्य परियोजनाओं के लिए कांग्रेस सरकार ने खुद सिफारिशें भेजीं, जिनके प्रमाण दस्तावेज़ों में स्पष्ट रूप से मौजूद हैं।
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या कांग्रेस अब मनमोहन सिंह सरकार के उन फैसलों के लिए माफी मांगेगी, और क्या अब बिजली का उपयोग बंद करेगी, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं कहा करते थे कि जो कोल ब्लॉक का विरोध करते हैं, वे पहले अपने घरों की बिजली बंद करें।
भाजपा नेता ने कहा कि, कांग्रेस हर उस व्यक्ति के बचाव में खड़ी होती है जिस पर भ्रष्टाचार का आरोप होता है, और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह जनहित के बजाय व्यक्ति विशेष के हितों की राजनीति कर रही है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, मनोज जैन, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलवंत सिंह चहल उपस्थित रहे।