कोण्डागांव

भाजपा सरकार कोंडागांव में 397 स्कूल बंद करेगी, शिक्षा को लेकर कुठारघात- कांगे्रस
06-Jun-2025 10:15 PM
भाजपा सरकार कोंडागांव में 397 स्कूल बंद करेगी, शिक्षा को लेकर कुठारघात- कांगे्रस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 6 जून। स्कूल युक्तियुक्तकरण के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर कहा -प्रदेश की भाजपा सरकार युक्तियुक्तकरण के नाम से 10463 स्कूलों को सीधे बंद करने का निर्णय ले चुकी है, इस तरह बस्तर संभाग में 1163 एवं कोंडागांव जिले में 397 स्कूल बंद कर रही है, जबकि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान, 35000   शिक्षकों के पद भरने का वादा कर सत्ता मे आयी थी।

 युक्तियुक्तकरण रोजगार विरोधी नीति से 45000 शिक्षकों के पद समाप्त हो जाएंगे। भाजपा सरकार डबल इंजन सरकार का सपना दिखाने का वादा कर बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई। स्थानीय भर्ती को चुनावी स्टंट बनाकर सरकार में आई और युक्तियुक्त कारण के नाम से रोजगार समाप्त करने का घिनौनी खेल खेल रही है इससे स्कूलों में प्यून, हजारों रसोइया, सफाई कर्मी, मध्यान भोजन बनाने वाली महिला, स्वसहायता समूह बनाने वाली बहने के सामने जीवन यापन का संकट उत्पन्न हो जाएगा।

 प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बिरेस ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम, जिला महामंत्री द्वय गीतेश गाँधी रितेश पटेल जिला पंचायत सदस्य कपिलकांत नाग मौजूद रहे।

श्री ठाकुर ने आगे कहा कि युक्तियुक्तकरण से शिक्षा में गुणवत्ता  कभी नहीं आएगी, इससे शिक्षकों को इधर उधर करके परेशान करने का काम ही भाजपा सरकार कर रही है और जहां अच्छे शिक्षक है वहां के बच्चे भी अपने अच्छे शिक्षक से दूर होंगे और पढ़ाई से वंचित हो जाएंगे।

 इस साल बोर्ड परीक्षा में भी रिजल्ट अच्छा नहीं आया था, सरकार शिक्षकों की भर्ती करना छोड़ पद समाप्त करने में लगी है।

यहां प्रदेश के बेरोजगारों के लिए इससे बड़ा क्या दुर्भाग्य होगा। जिले के 397 स्कूल बंद करना सीधा सीधा आदिवासियों और जिले में गरीब मध्यम वर्ग निवासी बच्चों पर असर होगा।

भाजपा सरकार में ही अभी 67 नये शराब दुकान खुल रही है, आज युवा वर्ग नशे के गिरफ्त में धसा जा रहा है, युवाओं के पास रोजगार नहीं है। प्रदेश मे पढ़े लिखें युवा नशा कर चाकूबाज़ी मे उतर आये है। भाजपा के सत्ता मे आने के बाद सभी विकास कार्य बंद हो चुके हैं।

पूर्व शिक्षा नीति के तहत 1+2 थी, जिसमें भी  खामियां थी, उसके बावजूद भाजपा सरकार अब नई नीति लाकर 1+1 शिक्षक की योजना बना रही है यह कतई कारगर साबित नहीं होगा। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की इस नीति का पुरजोर विरोध करती है।

आज प्रेस वार्ता से हमारे प्रदर्शन की शुरुआत है बहुत जल्द सम्पूर्ण प्रदेश के बीईओ कार्यालय का घेराव किया जायेगा शिक्षा न्याय यात्रा निकालकर जिला मुख्यालयों मे जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय का घेराव किया जाएगा जिन स्कूलों को सरकार ने बंद किया है उन स्कूलों के सामने पालकों एवं स्थानीय जनों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा।

 


अन्य पोस्ट