कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 9 मई। शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय कोण्डागांव में गुरुवार को विश्व रेड क्रॉस दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रेड क्रॉस के महान संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के छायाचित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रभारी शारदा मरकाम सहा. प्राध्यापक प्राणी शास्त्र के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर शारदा मरकाम ने बताया कि 8 मई -विश्व रेड क्रॉस दिवस, एक ऐसा दिन है जो हमें सेवा और समर्पण की भावना को याद दिलाता है। जिसका उद्देश्य है — मानवता, सेवा और सहायता जैसे मूल्यों को नमन करना, जिन्हें रेड क्रॉस आंदोलन ने दशकों से आगे बढ़ाया है। यह दिन समर्पित है उस महान व्यक्तित्व को — हेनरी ड्यूनेंट को जिन्होंने 1859 के सोल्फेरिनो युद्ध के दौरान घायल सैनिकों की दुर्दशा देखकर एक ऐसा संगठन बनाने की प्रेरणा ली, जो बिना किसी भेदभाव के हर ज़रूरतमंद की सहायता कर सके। इसी विचार से जन्म हुआ — इंटरनेशनल रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट मूवमेंट का, जो आज 190 से अधिक देशों में कार्यरत है।
इन संगठनों का एक ही उद्देश्य है —मानवता को जीवित रखना। भारत में भी, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी कई वर्षों से आपदा राहत, रक्तदान, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। आज के इस विशेष आयोजन में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अनिमा नाग प्रथम स्थान और संगीता नेताम द्वितीय स्थान पर रहीं।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य तिलक चंद्र देवांगन के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर निधि जैन सहा. प्राध्यापक हिन्दी, सरिता तारम, उमेश कुमार नेताम , अनिक्षा अंचल सोनी, अंकिता वर्मा, सदानंद सोनी गायत्री वर्मा एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।


