कोण्डागांव

भागवत कथा के अंतिम दिन भक्तों की उमड़ी भीड़
23-Nov-2023 8:54 PM
भागवत कथा के अंतिम दिन भक्तों की उमड़ी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 23 नवंबर।
स्थानीय होटल राजहंस में ओमप्रकाश टावरी परिवार द्वारा आयोजित भागवत कथा में कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने सुदामा की कथा का वर्णन करते हुए भक्तवत्सल भगवान श्री कृष्ण की दया, उनकी करुणा और कृपा की बातें बताई। भागवत कथा के अंतिम दिन भक्तों की भीड़ उमड़ी।

उन्होंने कहा कि हम सबको भगवान से  कोई न कोई संबंध जरूर बनाना चाहिए, क्योंकि एकमात्र भगवान से संबंध स्थाई है, शेष सारे संबंध क्षणिक हैं। उन्होंने भक्ति रस और अध्यात्म ज्ञान को जीवन जीने को कला से जोडक़र सबको जागृत करने का प्रयास किया। उन्होंने भागवत कथा के माध्यम से भारत की संस्कृति और संस्कारों का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया। 

उन्होंने न केवल धार्मिक बातों की व्याख्या की बल्कि अखंड भारत की महिमा का गुणगान और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का कार्य भी किया। भारत की महान ऋषि परंपरा और भारत के महान संतों के उदाहरणों से देश की आध्यात्मिक विरासत की व्याख्या उन्होंने की। कलयुग में कथा श्रवण को ज्ञान यज्ञ की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा की इस युग में भागवत कथा और राम कथा से श्रेष्ठ कोई यज्ञ नहीं है।

 संतों की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा कि संतों के सानिध्य में रहकर व्यक्ति सुख शांति और समृद्धि का जीवन प्राप्त कर सकता है।

 विदित हो कि पूज्य अतुल कृष्ण भारद्वाज जी महाराज एमएससी गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्होंने पत्रकारिता में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की है । उन्होंने अब तक अपने देश के साथ ही नेपाल, बर्मा, कम्बोडिया, मलेशिया,श्रीलंका मॉरिशस इंडोनेशिया, बर्मा आदि देशों 600 से अधिक कथाएं की हैं। 


अन्य पोस्ट