कोण्डागांव

कोंडागांव, 7 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शांति फाउंडेशन गोंडा द्वारा अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी सह नारी गौरव सम्मान समारोह का आयोजन ऑनलाइन गूगल मीट के माध्यम से 7 मार्च को आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारत सहित अमेरिका, नेपाल, सऊदी अरब सहित अन्य देशों की 251 महिलाओं का नाम विशेष रूप से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नारी सशक्तिकरण,नवाचारी शिक्षा, समाज सेवा, साहित्य आदि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए चयनित किया गया।
इस अवसर पर प्राथमिक शाला जोंधरा पदर प्रधानाध्यापक मधु तिवारी को मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में मधु तिवारी को महिला सशक्तिकरण नवाचारों शिक्षा, साहित्य सह शैक्षिक गतिविधियों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नारी गौरव सम्मान 2023 से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के गेस्ट ऑफ ऑनर पद्मश्री विजय कुमार शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हुई सौजन्य मुलाकात के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। विशिष्ट अतिथि आरती नागायच यूएसए, पिंकी देवी अध्यक्ष शांति फाउंडेशन, सुशील आनंद अध्यक्ष इनोवेटिव टीचर्स ग्रुप ऑफ़ इंडिया, हेमलता रानी प्रोफेसर दिल्ली विश्वविद्यालय , शिवप्रसाद आनंद संस्थापक शांति फाउंडेशन सहित सभी चयनित महिलाएं उपस्थित रही। डॉ मधु तिवारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि जहाँ विश्व चाँद सितारों पर पहुँचने की बात करता वहीं हम आज भी उनके शिक्षा, समानता और अधिकार के लिए अनगिनत नियम कानून की व्यवस्था में लगे हैं।
पुरूष प्रधान समाज में लोगों की मानसिक विकलांगता कहीं न कहीं महिलाओं को दोयम दर्जे प्रदान करती चली आ रही है। जिसमे कुछ हद तक हम स्वयं जिम्मेदार हैं। हमें अपने स्वाभिमान की रक्षा स्वयं करनी होगी और समाज की सोच को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना होगा।