कोण्डागांव

कलेक्टोरेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्टर को भावभीनी विदाई
02-Jul-2022 4:27 PM
कलेक्टोरेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलेक्टर को भावभीनी विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 2 जुलाई।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में  कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के दुर्ग कलेक्टर के रूप में पदस्थापना पर अधिकारी-कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर कर्मचारियों द्वारा मीणा के साथ जुड़े अपने यादगार लम्हों को याद करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किये। इस अवसर पर कलेक्टर ने भी भाव विभोर होकर अपने निज कार्यालय एवं सभी विभागों के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह आभास भी नहीं हुआ की 02 वर्ष किस प्रकार बीत गये। कार्यालय में समस्त स्टॉफ द्वारा सदैव भरपूर सहयोग और आत्मीयता का भाव प्राप्त हुआ। जिससे यहां कार्य करना और भी आसान हो गया था। पहली बार मेरी कलेक्टर के रूप में पदस्थापना कोण्डागांव में ही प्राप्त हुई। जिसका मुझे सभी कर्मचारियों के सहयोग से सुखद अनुभव प्राप्त हुआ। यह अनुभव मेरे हृदय में सदैव जीवित रहेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा द्वारा कलेक्टर श्री मीणा के कार्यकाल में लिमदरहा मिडवे, टाटामारी, उड़ान आजीविका केन्द्र, शिल्पनगरी, संवेदना कार्यक्रम, नंगत पीला, मावा कोंडानार ऐप जैसे सफलतम योजनाओं के क्रियान्वयन में कलेक्टर महोदय की कार्यकुशलता एवं उनके सहयोग को याद करते हुए उनके द्वारा जिले के प्रत्येक ग्राम का भ्रमण कर सहृदयता पूर्वक ग्रामीणजनों को मिलते हुए उनकी समस्याओं को सहजतापूर्वक हल करने के कौशल की सराहना करते हुए उनके आगामी जीवन की शुभकामनाएं दी। इस कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर डीडी मण्डावी, डिप्टी कलेक्टर बीआर धु्रव, भूपेन्द्र गावरे, सीमा ठाकुर, डीडी पंचायत बीआर मोरे सहित सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

उड़ान महिला कृषक प्रोड्यूसर कम्पनी की महिलाओं द्वारा कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा को दुर्ग जिले में कलेक्टर के रूप में पदस्थापना पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समूह की महिलाओं द्वारा उड़ान कम्पनी को नई उंचाईयों तक पहुंचाने के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कलेक्टर महोदय को आगामी जीवन एवं उनमें आने वाली चुनौतियों पर विजय के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि उड़ान अपने आप में राज्य ही नहीं अपितु पूरे देश के लिए आजीविका के क्षेत्र में रोजगार के साथ महिलाओं को एक सशक्त पहचान बनाने के लिए सहयोग देने वाले मॉडल के रूप में विकसित हुआ है। यह दूसरे जिलों के लिए भी एक प्रेरणा है जिसे देखते हुए इसकी तर्ज पर अन्य जिलों में भी आजीविका के क्षेत्र में उड़ान जैसे प्रयोग हो रहे हैं। उन्होंने उड़ान की महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उड़ान आगामी वर्षों में लंबी उड़ान भरते हुए सफलता की नई कहानी गढऩे को तैयार है। 2021 में प्रारंभ हुई इस कम्पनी ने एक वर्ष में नित् नई उपलब्धियां प्राप्त की है। जहां इसे भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के द्वारा सम्मानित किये जाने के साथ राज्य स्तर के कई अवॉर्ड प्राप्त हुए हैं। इसी तरह इस प्रगति को लगातार बनाए रखना है।
 


अन्य पोस्ट