खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई, 23 जून। नगर पंचायत गंडई के दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिकों को विगत कई वर्षों से सही समय पर कलेक्टर दर पर मानदेय नहीं मिल रहा है। इसके अलावा एरियस की राशि भी इन्हें प्रदान नहीं किया गया है। साथ ही उन्हें कई वर्षों से महंगाई भत्ता भी प्राप्त नहीं हुआ है। जबकि निकाय के दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिकों ने अपने हक के लिए कई बार निकाय में मौखिक व लिखित मांग एवं शिकायत की कि उन्हें कलेक्टर दर पर वेतन दिया जाए, एरियस की राशि दिया जाए और कई सालों से अप्राप्त महंगाई भत्ता को दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक मदद हो सके, परंतु इस ओर किसी भी अधिकारी या संबंधितों ने विशेष ध्यान नहीं दिया। जिसका नतीजा है कि आज भी निकाय के दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिकों को अपने हक के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार हर छह माह में दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिकों के मानदेय में कलेक्टर दर में आंशिक वृद्धि किया जाता है। जिसके तहत निकाय में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिकों के मानदेय में वृद्धि किया जाना होता है, परंतु जानकारी अनुसार आदेश जारी होने के बाद भी त्वरित रूप से निकाय के दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिकों के मानदेय में वृद्धि नहीं किया जाता है, बल्कि कुछ माह बीत जाने के बाद उनके मानदेय में वृद्धि किया जाता है और एरियस की राशि को भी नहीं दिया जाता है। जिसके कारण निकाय के दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिको में आक्रोश उत्पन्न हो गया है।
गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष चेतन देवांगन ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, जब भी पीआईसी की बैठक होगी, अनुमोदन कर दैनिक वेतन भोगी एवं ठेका श्रमिकों का मानदेय बढ़ाया जाएगा।
नगर पंचायत गंडई के प्लेसमेंट कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नवीन नामदेव का कहना है कि कलेक्टर द्वारा श्रमिकों के लिए समय- समय पर महंगाई को देखते कलेक्टर दर जारी किया जाता है, जिसे नगर पंचायत गंडई में विगत कई वर्षों से सही समय पर प्रदाय नहीं किया जा रहा है।
साथ ही विगत कई वर्षों से श्रमिको की एरियस की राशि बाकी है।


