कवर्धा

चूहा जाल लेकर 15 को कवर्धा पहुंचेंगे अमित जोगी
14-Jan-2026 8:33 PM
चूहा जाल लेकर 15 को कवर्धा पहुंचेंगे अमित जोगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 14 जनवरी। कबीरधाम जिले के चारभाठा धान संग्रहण केंद्र से बड़ी मात्रा में धान के गायब होने को लेकर विवाद सामने आया है। प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार धान के नुकसान का कारण चूहों को बताया गया है। इस पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने आपत्ति जताई है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित अजित जोगी ने कहा है कि वे 15 जनवरी को चूहा पकडऩे वालों और जाल के साथ चारभाठा धान केंद्र पहुंचेंगे। उनका कहना है कि मौके पर जाकर यह देखा जाएगा कि धान के नुकसान का वास्तविक कारण क्या है?

जनता कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुनील केशरवानी ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि धान संग्रहण केंद्र में सीसीटीवी कैमरे, गोदाम, चौकीदार और कंप्यूटर रिकॉर्ड मौजूद हैं। उनके अनुसार, इन व्यवस्थाओं के बावजूद हजारों क्विंटल धान का गायब होना जांच का विषय है। उन्होंने इसे संगठित गड़बड़ी का मामला बताया।

48 घंटे का अल्टीमेटम

जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने मांग की है कि 48 घंटे के भीतर संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज की जाए, ईओडब्ल्यू या एसीबी से जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। पार्टी का कहना है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो आगे आंदोलन किया जाएगा।

15 जनवरी को प्रस्तावित कार्यक्रम

पार्टी के अनुसार, 15 जनवरी को चारभाठा धान केंद्र में प्रस्तावित कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन से जवाबदेही की मांग की जाएगी। अमित जोगी ने कहा है कि यदि शासन स्तर पर कार्रवाई नहीं होती, तो पार्टी मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करेगी।

अब प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई और 15 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


अन्य पोस्ट