गरियाबंद

सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए लगातार निर्णय ले रही है-निरंजन सिन्हा
21-Nov-2026 8:27 PM
सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए लगातार निर्णय ले रही है-निरंजन सिन्हा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 21 नवंबर। भाजपा किसान मोर्चा द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार निर्णय ले रही है।

सिन्हा ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता दी जा रही है। अब निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी उनके रकबे के आधार पर सहायता का लाभ मिलेगा। इसके अलावा फसल विविधीकरण के तहत धान के स्थान पर अन्य फसल लेने पर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ तथा दलहन-तिलहन, मक्का और मिलेट्स जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार रुपए प्रति एकड़ सहायता का प्रावधान है।

उन्होंने गन्ना उत्पादकों के लिए उपार्जन दर 355 से बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल करने, दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी और कोदो-कुटकी-रागी को प्रोत्साहित करने की योजनाओं को भी किसानों के हित में महत्वपूर्ण बताया। सिन्हा ने कहा कि सरकार के इन फैसलों से किसानों की आय बढ़ेगी और खेती में विविधता को बढ़ावा मिलेगा।

साथ ही उन्होंने बताया कि वर्तमान में अचानक बारिश से हुए किसानों की फसल क्षति पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को निर्देशित कर चुके हैं कि सभी का सर्वे करा कर आर बी 6 के तहत क्षतिपूर्ति या मुवायजा का प्रावधान होगा या जो फसल बीमा किए हैं उनके मुआवजा की राशि सरकार देगी।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हलमन ध्रुव, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, मीडिया प्रभारी राधेश्याम सोनवानी, सहप्रभारी रितेश यादव सहित भाजपा कार्यकता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट