गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 20 नवंबर। नगर के युवा सक्षम हुंदल पिता रेशम सिंह हुंदल ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास के दम पर मिस्टर छत्तीसगढ़ का खिताब हासिल कर नगर का नाम रोशन किया है। रायपुर के बेबीलॉन में 15 नवंबर को एसएस फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य शो में उन्हें इस उपलब्धि से नवाजा गया।
कार्यक्रम का आयोजन शिखा साहू के नेतृत्व में किया गया, जिसमें अभिनेत्री चाहत पांडे सेलिब्रिटी अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस प्रतियोगिता में वरदान शर्मा और आदिल मुक्ति सहित अन्य निर्णायक मंडल के सदस्य मौजूद रहे। विभिन्न प्रतिभागियों ने अपने व्यक्तित्व और मंचीय प्रदर्शन का हुनर दिखाया,और कड़े मुकाबले के बीच सक्षम हुंदल ने यह खिताब अपने नाम किया। सक्षम की इस सफलता से गोबरा नवापारा नगर में खुशी का माहौल है,और उनकी इस उपलब्धि को नगर के युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर नगर वासियों ने बधाई शुभकामनाएं दिए हैं।