गरियाबंद
पांच बार जानलेवा हमलों के बावजूद नहीं डिगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 20 नवंबर। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की महिला वनकर्मियों ने जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। दुर्गम वन क्षेत्रों और अंतरराज्यीय सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय महिला त्वरित वन कार्रवाई बल ने अतिक्रमणकारियों, वन्यजीव तस्करों, शिकारियों और अवैध खनन माफिया के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयों में अहम भूमिका निभाई है।
उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व उप निदेशक वरुण जैन से मिली जानकारी अनुसार वन विभाग के अनुसार, महिला वनकर्मियों के प्रयासों से करीब 1090 हेक्टेयर अतिक्रमित वनभूमि मुक्त कराई गई है। वहीं, विभिन्न अभियानों में 500 से अधिक शिकारियों एवं तस्करों की गिरफ्तारी में योगदान दिया गया। वन जांच चौकियों और ओडिशा में संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 208 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
इसके पूर्व भी महिला वनकर्मियों ने वन्यजीवों के शिकार में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक और अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिसंबर 2024 और अक्टूबर 2026 की कार्रवाइयों में 75 पोटाश बम और 100 से अधिक फंदे बरामद किए गए। इसके अलावा ओडिशा सहित पड़ोसी राज्यों तक फैले अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में सहयोग दिया।
अतिक्रमण हटाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान महिला वनकर्मियों को पांच बार जानलेवा हमलों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन उन्होंने पीछे हटने के बजाय अपने दायित्वों का निर्वहन जारी रखा। वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, पुलिस, डीआरआई और पड़ोसी राज्यों के वन विभागों के साथ समन्वय बनाकर कई अंतरराज्यीय अभियान चलाए गए। अवैध रेत खनन और उसके परिवहन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
महिला वनकर्मियों की यह उपलब्धि वन संरक्षण के साथ महिला सशक्तीकरण की भी मिसाल बनकर सामने आई है। उप संचालक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अनुसार, इन महिला कर्मियों ने साबित किया है कि कठिन परिस्थितियों और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई में साहस और संकल्प ही सबसे बड़ी ताकत है।