गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 21 नवंबर। स्वास्तिक यात्रा लेकर प्रसिद्ध धार्मिक नगरी ग्राम चंपारण पधारे कथाकार पूज्य मुरारी बापू का भव्य स्वागत किया गया।
पंडित ब्रह्म दत्त शास्त्री ने बताया कि अपने हजारों अनुयायियों के साथ जब कथा सुनाकर मंच से उतरे तो मैंने उन्हें राजिम कुंभ में पधारने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और आशीर्वाद स्वरुप मुझे अपने हाथों से रामनामी दुपट्टा भेंट किया। बड़े भावुक होकर पंडित ब्रह्मदत्त शास्त्री ने कहा कि हम सभी लोग बापू के आगमन को लेकर उत्साहित थे और उनके आने की आतुरता से प्रतीक्षा भी कर रहे थे। कथा मंच पर चंपारण प्राकट्य पीठ के पीठाधीश्वर श्री द्वारकेश लाल जी ने पूज्य बापू का भावपूर्ण स्वागत किया एवं अपने मंगल आशीष प्रदान किये।
इस अवसर पर कमल भाई, चेतन भाई अडिय़ा एवंअंचल के आस्थावान गणमान्य भक्तजन उपस्थित थे। एक दिवसीय राम कथा का पावन अनुष्ठान करने के लिए 4 महीने पहले ही चंपारण को चिन्हित कर दिया गया था। यह सब हम सब के लिए बड़े आनंद और गौरव की बात रही अब बापू की कथा जगन्नाथ पुरी में होगी और 22 नवंबर को इस स्वास्तिक यात्रा के द्वितीय चरण का समापन हो जाएगा। श्री मुरारी बापू ने चंपारण के साथ अपने भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभवों को श्रोता जनों के समक्ष प्रकट किया और कहा की महाप्रभु जी की मुझ पर बड़ी कृपा है जो बार-बार कथा के माध्यम से अपनी वाणी की सेवा करने के लिए मुझे बुलाते रहते हैं ठाकुरजी कृपा करेंगे तो आगामी 20 फरवरी से 5 मार्च तक होने वाले राजिम कुंभ में भी मेरी हाजिरी लग जाएगी उनकी इस बात का सभी उपस्थित जनों ने करतलध्वनि से स्वागत किया और अपना हर्ष व्यक्त किया।