गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 20 नवंबर। भाजपा नवापारा मंडल के महामंत्री चेतन साहू ने बताया कि पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू के लंबे राजनीतिक एवं संसदीय जीवन पर आधारित पुस्तक गांव से संसद तक जल्द ही प्रकाशित होने जा रही है। यह पुस्तक केवल एक नेता की जीवनी नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण, लोकतांत्रिक परंपराओं और जनसेवा की भावना को समझने का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। श्री साहू जी का जीवन हम जैसे युवा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने हमेशा गांव, गरीब, किसान और आम जनता की आवाज को बुलंद किया। उनका राजनीतिक सफर बताता है कि अगर नीयत साफ हो और मन में जनसेवा का भाव हो, तो एक साधारण गांव का व्यक्ति भी संसद तक पहुंच सकता है।
इस पुस्तक के माध्यम से उनके राजनीतिक सफर, संसदीय अनुभवों, जनसेवा के कार्यों और जीवन में दिए गए योगदान को शब्दों के माध्यम से संजोया गया है। मुझे विश्वास है कि यह पुस्तक कार्यकर्ताओं, शोधार्थियों, बुद्धिजीवियों और नई पीढ़ी को श्री साहू के अनुभवों एवं कार्यशैली को जानने और समझने का अवसर देगी। चेतन साहू ने कहा कि हम सभी को इस पुस्तक का इंतजार है।