गरियाबंद

गौशाला में मनाई गोपाष्टमी, पैरा-कट्टी शेड का लोकार्पण
19-Nov-2026 8:23 PM
गौशाला में मनाई गोपाष्टमी, पैरा-कट्टी शेड का लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 19 नवंबर।
गौ सेवा समिति राजिम द्वारा संचालित गौशाला परिसर में गोपाष्टमी के अवसर पर कृषक सम्मेलन एवं नवनिर्मित पैरा-कट्टी शेड का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कामधेनु यज्ञ, गौमाता पूजन एवं शेड के लोकार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू थे। अध्यक्षता पूर्व सांसद एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव, जिला गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पुरुषोत्तम दुबे, लाला राम साहू, रिकेश साहू सहित जनप्रतिनिधि, किसान एवं गौभक्त उपस्थित रहे।
श्री साहू ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का आधार हैं। गौ सेवा सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने गौ सेवा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नवनिर्मित शेड से चारे का सुरक्षित भंडारण हो सकेगा और गौवंश को सालभर बेहतर चारा उपलब्ध होगा। उन्होंने किसानों से खेती के साथ गौपालन अपनाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में चंदूलाल साहू ने कहा कि गौवंश ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि के अभिन्न अंग हैं। वहीं पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने जिले में गौशालाओं के विकास एवं गौवंश संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और समिति के कार्यों की सराहना की। अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष घनाराम साहू, उपाध्यक्ष सुनील श्रीवास्तव एवं मनीराम साहू, कोषाध्यक्ष संतोष साहू, सचिव प्रदीप जैन, सहसचिव डॉ. हिरालाल साहू सहित कार्यकारिणी सदस्यों एवं प्रबंधकों का विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट