गरियाबंद

नक्सल प्रभावित कमारभौदी में जनसमस्या शिविर, 22 आवेदनों का समाधान
12-Apr-2026 8:50 PM
नक्सल प्रभावित कमारभौदी में जनसमस्या शिविर, 22 आवेदनों का समाधान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 12 अप्रैल। पूर्व में नक्सल प्रभावित एवं अंतर्राज्यीय सीमा से लगे दुर्गम वनांचल ग्राम कमारभौदी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। लंबे समय बाद प्रशासनिक अमले के एक साथ पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। शिविर में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। सडक़, बिजली, आंगनबाड़ी, अस्पताल, पेयजल, पुल-पुलिया, हैंडपंप, सामुदायिक भवन, नलजल एवं आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। कुल 27 आवेदनों में से 22 का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि 5 प्रकरण शासन स्तर पर भेजे जाएंगे।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष शिविर लगाकर बीपी, शुगर जांच के साथ नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। पोर्टेबल एक्स-रे मशीन के जरिए टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की जांच भी की गई। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धजनों को छड़ी वितरित की, वहीं मत्स्य योजना अंतर्गत जाल और आइस बॉक्स दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 2 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन गांव-गांव पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कलेक्टर बीएस उइके ने कहा कि जिला नक्सल मुक्त होने के बाद अब दूरस्थ क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर विकास कार्यों को गति दी जा रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत सडक़ों का डामरीकरण किया जा रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के मरम्मत, उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने एवं विद्युत विस्तार के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे।

शिविर में पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर, एसडीएम हितेश्वरी बाघे सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट